बलरामपुर में 22 फरवरी को न्याय-सुविधा महाकुंभ:एक मंच पर मिलेगी मुफ्त कानूनी मदद, सरकारी योजनाएं और स्वास्थ्य सेवाएं

बलरामपुर में 22 फरवरी को न्याय-सुविधा महाकुंभ:एक मंच पर मिलेगी मुफ्त कानूनी मदद, सरकारी योजनाएं और स्वास्थ्य सेवाएं

बलरामपुर में आमजन को त्वरित न्याय, मुफ्त कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ देने के लिए 22 फरवरी 2026 को ‘न्याय और सुविधा का महाकुंभ’ आयोजित किया जाएगा। यह मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर प्रदेशभर के सभी जनपदों में एक साथ लगेगा। प्रशासन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के मार्गदर्शन और जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव यशपाल वर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, वंचित, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, श्रमिक और असंगठित क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा। इस शिविर में निःशुल्क कानूनी सलाह, लोक अदालत और मध्यस्थता जैसी सेवाएं मिलेंगी। घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, श्रम विवाद, भूमि-राजस्व, दुर्घटना और बीमा से संबंधित मामलों पर भी परामर्श उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल अधिकार, मानव तस्करी, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, कृषि, बैंकिंग और बीमा सहित विभिन्न सरकारी विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित करेंगे। शिविर में नाक, आंख, दांत की मुफ्त जांच और ब्लड ग्रुप टेस्ट जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे 22 फरवरी को इस मेगा शिविर में अवश्य पहुंचें और अपने अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *