PCB withholds PSL 11 broadcast rights in India: T20 वर्ल्ड कप को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। पाकिस्तान सरकार ने टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट कर दिया है। इसी बीच अब पीसीबी ने भारतीय बाजार में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन के ब्राडकास्ट राइट्स रोकने का फैसला किया है। हालांकि, बोर्ड ने लीग के इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट राइट्स बेचने का काम जारी रखा है। इसका मतलब है कि अब भारतीय फैंस इस टूर्नामेंट को नहीं देख पाएंगे।
26 मार्च से होगा पीएसएल का आगाज
पीएसएल 2026 का आगाज टी20 वर्ल्ड कप के तुरंत बाद 26 मार्च से होने वाला है, जो 3 मई तक खेला जाएगा। इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 11 फरवरी को होगी। वाली टेक्नोलॉजीज़ पीसीबी की रिजर्व कीमत से ज्यादा बोली लगाकर सबसे बड़ी बोली लगाने वाली कंपनी रही, जिसे भारत को छोड़कर एक साल के एग्रीमेंट पर लीग के ग्लोबल मीडिया राइट्स दिए गए हैं।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी रोकी गई थी कवरेज
बता दें कि पिछले सीजन में FanCode और Sony Sports Network के पास भारत में पीएसएल मैचों के प्रसारण के मीडिया राइट्स थे। हालांकि, टूर्नामेंट के बीच ही अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों प्लेटफॉर्म ने कवरेज रोक दी और अपने प्लेटफॉर्म से पीएसएल से संबंधित कंटेंट भी हटा दिया।
पिछले सीजन की तुलना में 149 प्रतिशत की वृद्धि
अब वाली टेक्नोलॉजीज़ के साथ यह डील पिछले सीजन की तुलना में 149 प्रतिशत की महत्वपूर्ण वृद्धि के साथ हुई है, जो पीएसएल की बढ़ती ब्रांड वैल्यू और इंटरनेशनल पहचान को दर्शाती है। इस पर टिप्पणी करते हुए पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर ने कहा कि हम इंटरनेशनल मीडिया राइट्स की बिक्री के नतीजे से बहुत खुश हैं।
नए बेंचमार्क स्थापित किए
उन्होंने आगे कहा कि हम वाली टेक्नोलॉजीज़ के आभारी हैं कि उन्होंने नए बेंचमार्क स्थापित किए। इंटरनेशनल मीडिया राइट्स की कीमत में लगातार वृद्धि फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों और भागीदारों के सामूहिक प्रयासों को दर्शाती है, जिन्होंने पीएसएल को विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त क्रिकेटिंग प्रॉपर्टी के रूप में स्थापित करने में मदद की है।
हमारे पीएसएल सफर की बस शुरुआत
वाली टेक्नोलॉजीज़ के सीईओ मुहम्मद अहसान ताहिर ने भी लीग के डिजिटल मीडिया राइट्स हासिल करने के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह हर उस पाकिस्तानी की जीत है, जो मेड इन पाकिस्तान टेक्नोलॉजी में विश्वास करता है। यह हमारे पीएसएल सफर की बस शुरुआत है। हमारे पास बड़े प्लान हैं और हम आगे आने वाली चीजों को शेयर करने के लिए उत्सुक हैं।


