डीडवाना-कुचामन जिले के नावां सिटी उपखण्ड के ग्राम गोविंदी रेलवे स्टेशन के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक किसान की ट्रेन से कटने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोविंदी निवासी 40 वर्षीय धर्मपाल मीणा पुत्र पन्नाराम मीणा सोमवार रात्रि लगभग 11 बजे अपने खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। धर्मपाल का खेत रेलवे लाइन के पास ही स्थित था, जिसके कारण उनका वहां से रोजाना आना-जाना रहता था। बीती रात पटरी पार करते समय वे अचानक वहां से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल और पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही नावां पुलिस और 108 एम्बुलेंस के पायलट मदन धायल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को नावां उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्राथमिक दृष्टि में इसे पटरी पार करते समय हुआ हादसा माना जा रहा है।
पीछे छोड़ गए तीन मासूम बच्चे इस आकस्मिक निधन से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। धर्मपाल मीणा अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे अभी छोटे हैं और पढ़ाई कर रहे हैं। घर के मुखिया और कमाऊ सदस्य की मौत के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


