प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती ने गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के अनुसार, पिछले सप्ताह रात करीब 10 बजे जब वह घर के बाहर बाथरूम जा रही थी, तभी गांव का एक युवक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने युवती को जबरन लगभग 50 मीटर दूर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। युवती किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रारंभिक शिकायत में युवती ने खुद को नाबालिग बताते हुए छेड़खानी का आरोप लगाया था, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। हालांकि, जांच के दौरान प्रस्तुत शैक्षिक प्रमाण पत्र (मार्कशीट) में युवती की उम्र 19 वर्ष पाई गई। इसके चलते पॉक्सो एक्ट की धाराएं हटा दी गईं। बाद में युवती ने पुलिस के समक्ष दुष्कर्म किए जाने का बयान दर्ज कराया। थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि युवती का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।


