फिरोजाबाद में कोहरे से ट्रेनें 11 घंटे तक लेट:नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस रद्द, कई अन्य भी प्रभावित

फिरोजाबाद में कोहरे से ट्रेनें 11 घंटे तक लेट:नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस रद्द, कई अन्य भी प्रभावित

फिरोजाबाद में घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 11 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि डाउन की नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा, जिससे सुबह की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी को मौसम के इस बदलाव का कारण माना जा रहा है। सर्द हवाओं और कोहरे के कारण रेलयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी निर्धारित समय से चलने वाली ट्रेनें दो से 11 घंटे की देरी से स्टेशनों पर पहुंच रही हैं।
देरी से चल रही डाउन की नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस को रेल प्रशासन ने रद्द कर दिया है। ट्रेनों के अत्यधिक देरी से चलने के कारण लोकल रेलयात्रियों ने सड़क मार्ग का रुख किया, जबकि लंबी दूरी की यात्रा कर रहे यात्रियों को मजबूरन अपनी ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। कई प्रमुख ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। इनमें दिल्ली और आगरा की ओर जाने वाली पूर्वा एक्सप्रेस तीन घंटे, अवध एक्सप्रेस तीन घंटे, मरुधर एक्सप्रेस दो घंटे, मगध एक्सप्रेस दो घंटे, आनंदविहार टर्मिनल अमृतभारत एक्सप्रेस 10 घंटे, नंदनकानन एक्सप्रेस चार घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस दो घंटे और फरक्का एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से पहुंचीं। कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में मगध एक्सप्रेस पांच घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, फरक्का एक्सप्रेस 11 घंटे, कालिंदी एक्सप्रेस सात घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल छह घंटे, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस दो घंटे, नेताजी एक्सप्रेस तीन घंटे, मूरी एक्सप्रेस तीन घंटे, महानंदा एक्सप्रेस दो घंटे, गोमती एक्सप्रेस दो घंटे और दरभंगा अमृतभारत एक्सप्रेस आठ घंटे की देरी से चल रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *