India-US trade deal के बीच जयशंकर और रुबियो की हुई मुलाकात, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बातचीत

India-US trade deal के बीच जयशंकर और रुबियो की हुई मुलाकात, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बातचीत

India-US trade deal: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने वॉशिंगटन दौरे के दौरान अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की। इस बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिज) के क्षेत्र में खोज, खनन और प्रोसेसिंग को लेकर द्विपक्षीय सहयोग को औपचारिक रूप देने पर चर्चा हुई।

जयशंकर ने एक्स पर किया पोस्ट

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि बातचीत में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के कई अहम पहलुओं पर सहमति बनी, जिनमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और क्रिटिकल मिनरल्स शामिल हैं। दोनों नेताओं ने साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न द्विपक्षीय तंत्रों की जल्द बैठकें करने पर भी सहमति जताई।

दोनों नेताओं ने ट्रेड डील का किया स्वागत

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता टॉमी पिगॉट के बयान के मुताबिक, जयशंकर और रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए भारत-अमेरिका ट्रेड डील का स्वागत किया। बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतांत्रिक देशों के रूप में भारत और अमेरिका को मिलकर नए आर्थिक अवसर खोलने और साझा ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए।

बैठक के अंत में दोनों नेताओं ने क्वाड (Quad) के जरिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है।

अमेरिका ने घटाया टैरिफ

बता दें कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर ऐलान किया था कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करेगा।

गौरतलब है कि विदेश मंत्री जयशंकर 2 से 4 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर हैं और इस दौरान वे क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल में भी हिस्सा लेंगे, जिसका आयोजन मार्को रूबियो द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा, वे अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *