देवेंद्र बैद गंगाशहर | शहर की सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की अस्पष्ट नंबर प्लेटें अब आमजन की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं। गंगाशहर के सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र बैद ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही आम नागरिकों के लिए घातक साबित हो सकती है। उनके अनुसार बीकानेर शहर में चल रहे कई भारी वाहनों की नंबर प्लेट या तो पढ़ने योग्य नहीं हैं या जानबूझकर छिपाई गई प्रतीत होती हैं। गंगाशहर, भीनासर और शहर के परकोटे क्षेत्र में ऐसे वाहन खुलेआम देखे जा सकते हैं। बैद ने कहा कि यदि ऐसे वाहन किसी व्यक्ति या वाहन को टक्कर मारकर फरार हो जाएं, तो उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। इससे पीड़ित को न्याय मिलना भी संदिग्ध हो सकता है। रात के समय हाईवे पर दौड़ने वाले कई ट्रकों की नंबर प्लेटें भी स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं। उन्होंने इसे न केवल प्रशासनिक ढिलाई बल्कि नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों के साथ अन्याय बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। पब्लिक वॉयस


