दुकान में काम करने वाला कर्मचारी निकला चोर:मालिक के भरोसे में रहकर वारदातों को दे रहा था अंजाम; पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

दुकान में काम करने वाला कर्मचारी निकला चोर:मालिक के भरोसे में रहकर वारदातों को दे रहा था अंजाम; पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

वैशालीनगर थाना क्षेत्र में भरोसे को तोड़ने वाली चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी विकास जाटव दुकान मालिक के यहां काम करता था और इसी भरोसे का फायदा उठाकर दुकान व मकान से ज्वैलरी और नगदी चोरी करता रहा। मामला 30 जनवरी का है, जब पीड़ित राजेन्द्र कुमार झालानी, निवासी वैशालीनगर जयपुर, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी विकास जाटव उनके घर से सोने की चेन, कानों की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, एक आर्टिफिशियल अंगूठी और दुकान से नगदी चुरा ले गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी अनिल शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी विकास जाटव (19) पुत्र महावीर जाटव, निवासी ग्राम बगपाड़ा थाना श्योपुर जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश), हाल निवासी सिरसी जयपुर को डिटेन किया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की वारदातें करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी दुकान पर काम करने के दौरान मौका देखकर दुकान और मकान से कीमती सामान और नगदी चोरी करता था। वह लंबे समय से मालिक के भरोसे में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहा था, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *