इंदौर के आजाद नगर में दो दिन पहले बच्चों के विवाद के दौरान वकील कन्हैयालाल चौहान के साथ आज़ाद नगर थाने के पुलिसकर्मियों और टीआई द्वारा अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर के नाम डीसीपी को ज्ञापन सौंपा गया था। वकीलों ने बुधवार दोपहर 2 बजे तक कार्रवाई का समय दिया था। तय समय तक अधिकारियों की ओर से कोई बातचीत नहीं होने पर वकील रीगल स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। बाद में टीआई और एसीपी मौके पर पहुंचे और माफी मांगकर मामला शांत कराया। बुधवार को आजाद नगर निवासी वकील कन्हैयालाल चौहान के साथ अभद्रता के विरोध में वकीलों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान डीसीपी कृष्णा लालचंदानी को ज्ञापन सौंपा गया। डीसीपी ने आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया को मौके पर बुलाकर वकीलों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कराई। टीआई ने कहा कि यदि उनसे कोई गलती हुई है तो वे इसके लिए माफी चाहते हैं। इसके बाद मामला शांत हो गया। बच्चों के झगड़े में वकील को थाने ले गई थी पुलिस
दरअसल, रविवार रात दो नाबालिग लड़कों के बीच विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां काफी भीड़ थी। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसी दौरान वकील कन्हैयालाल चौहान की कुछ पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई और उन्हें थाने ले जाया गया। बाद में कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें पहचान लिया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। जब इस घटना की जानकारी अन्य वकीलों को लगी तो उन्होंने नाराज़गी जताते हुए टीआई भदौरिया और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि टीआई भदौरिया घटना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे थे। उस समय वकील कन्हैयालाल सादे कपड़ों में थे। वकील होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।


