बूंदी जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस बार 7 लाख 3 हजार 458 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामकिशोर मीणा ने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 7 फरवरी तक प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 14 फरवरी तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 25 फरवरी को होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले की कुल 8 पंचायत समितियों के तहत आने वाली 235 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। नैनवां पंचायत समिति में सर्वाधिक मतदाता पंजीकृत हैं। यहां 39 ग्राम पंचायतों में 1 लाख 25 हजार 942 मतदाता हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या के मामले में तालेड़ा सबसे आगे है, जहां 40 ग्राम पंचायतें और कुल 1 लाख 21 हजार 525 मतदाता हैं। खटकड़ सबसे छोटी पंचायत समिति है, जिसमें 23 ग्राम पंचायतें और 61 हजार 336 मतदाता हैं। बूंदी पंचायत समिति में 24 ग्राम पंचायतें हैं, जहां 69 हजार 413 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में कुल 2,201 वार्डों का गठन किया गया है। हिण्डोली पंचायत समिति की 29 ग्राम पंचायतों के 275 वार्डों में 88 हजार 496 मतदाता हैं। दबलाना पंचायत समिति में 26 ग्राम पंचायतों में 86 हजार 251 मतदाता हैं। केशोरायपाटन पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों और 242 वार्डों के लिए 76 हजार 280 मतदाता पंजीकृत हैं। लाखेरी पंचायत समिति में 28 ग्राम पंचायतों में 74 हजार 215 मतदाता हैं।


