धार जिला पंचायत के सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्वयं आवेदकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलेभर से कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों में जमीन से अतिक्रमण हटवाने, अनुकंपा नियुक्ति दिलवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने जैसी विभिन्न जनसमस्याएं शामिल थीं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक और त्वरित समाधान करना है। कई मामलों में कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करवाई। शेष प्रकरणों में तय समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे आवेदकों की समस्याओं पर तत्काल चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जा सके।


