हांसी में प्रॉपर्टी डीलर की धारदार हथियार से हत्या:रिटायर्ड पंचायत सेक्रेटरी थे; पत्नी दफ्तर पहुंची तो चला पता, हमलावर से ली टक्कर

हांसी में प्रॉपर्टी डीलर की धारदार हथियार से हत्या:रिटायर्ड पंचायत सेक्रेटरी थे; पत्नी दफ्तर पहुंची तो चला पता, हमलावर से ली टक्कर

हरियाणा के हांसी शहर के हुड्डा सेक्टर-6 में मंगलवार सुबह एक रिटायर्ड पंचायत सेक्रेटरी की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 8 बजे की है। मृतक की पहचान हुड्डा सेक्टर निवासी सुभाष मलिक के रूप में हुई है। वे करीब सात-आठ वर्ष पहले पंचायत विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, सुभाष मलिक रोजाना की तरह सुबह प्रॉपर्टी डीलिंग के अपने कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। कार्यालय के अंदर संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उन्होंने हमलावरों का विरोध किया। उनके सिर और हाथों पर धारदार हथियार से गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
जब वे दोपहर तक घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पति को खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस उप अधीक्षक विनोद शंकर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
व्यापारी नेता और हुड्डा सेक्टर-6 निवासी बजरंग बंसल ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हुड्डा सेक्टर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े हत्या होना बेहद गंभीर मामला है। प्रशासन को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। सुभाष मलिक अपने पीछे तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में रंजिश, लूट या प्रॉपर्टी विवाद जैसे पहलुओं से भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *