जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर कमरा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे घर में कोहराम मच गया। युवक को फंदे पर झूलता देख पिता ने उसे नीचे उतरा और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, युवक की एक वर्ष पहले शादी हुई थी और उसकी पत्नी दो दिन पहले ही मायके गई थी। घटना कदौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंबेडकर नगर की है। बताया गया कि 25 वर्षीय प्रद्युम्न पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी अंबेडकर नगर (कस्बा कदौरा) घर की गाड़ी चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। सोमवार की रात में वह शराब पीकर घर पहुंचा, जिस पर पिता ने उसे डांट दिया, इसी से क्षुब्ध होकर उसने कमरे में जाकर फांसी लगा ली, जब पिता उसके कमरे में गया, जहां उसे फंदे पर लटकता देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता राजेंद्र सिंह ने भारी मन से बताया कि उनका बेटा प्रद्युम्न नशे की बुरी लत का शिकार हो चुका था। उसको कई शराब पीने से मना किया, इसी नशे की लत के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया और अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बता दे कि प्रद्युम्न की शादी महज एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसकी पत्नी कामिनी दो दिन पहले मायके गई हुई थी। इस घटना के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक हंसता-खेलता परिवार नशे की वजह से बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही कदौरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कदौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रभात सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


