बांदा में युवक ने की आत्महत्या:बबूल के पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

बांदा में युवक ने की आत्महत्या:बबूल के पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अछाह गांव में एक 26 वर्षीय युवक ने बबूल के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि की है। मृतक की पहचान असित कुमार उर्फ कल्लू, पुत्र स्वर्गीय भगवानदीन पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, असित कुमार मध्य रात्रि में घर से खेतों की ओर गया था। जब वह घर में नहीं दिखा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें असित बबूल के पेड़ पर तहमक और गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तुरंत फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक के बड़े भाई अमित पटेल ने बताया कि असित उनका सबसे छोटा भाई था और वह मानसिक रूप से विक्षिप्त रहता था। अमित के अनुसार, इसी कारण उसने आत्महत्या की है। जानकारी के मुताबिक, असित चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी का निधन साढ़े तीन साल पहले हो चुका था और उसकी एक छोटी बेटी भी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *