टीकमगढ़ में औसत 6.8 मिमी बारिश, मोहनगढ़-पलेरा में आधा इंच:रात का तापमान 15 डिग्री; बुधवार से साफ रहेगा मौसम

टीकमगढ़ में औसत 6.8 मिमी बारिश, मोहनगढ़-पलेरा में आधा इंच:रात का तापमान 15 डिग्री; बुधवार से साफ रहेगा मौसम

टीकमगढ़ में मंगलवार को दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई। सुबह 6 से 7 बजे तक बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिसके बाद आसमान में बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में औसतन 6.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक बारिश पलेरा और मोहनगढ़ तहसील में हुई, जहां लगभग आधा इंच वर्षा दर्ज की गई। जतारा और लिधौरा में भी लगभग आधा इंच बारिश हुई। हालांकि, बल्देवगढ़ और खरगापुर तहसीलें सूखी रहीं, जबकि टीकमगढ़ और बड़ागांव धसान तहसील में मामूली बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। रविवार को 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान सोमवार को घटकर 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 3 डिग्री की कमी दर्शाता है। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम साफ रहने की संभवना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से लेकर रविवार तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन और रात के तापमान में लगातार हो रहे बदलाव से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके अतिरिक्त, बढ़ते तापमान के कारण सरसों की फसल में माहू (एफिड) का प्रकोप भी देखा जा रहा है। हालांकि, जिले में गेहूं, चना, सरसों, मटर और मसूर जैसी प्रमुख फसलें अभी अच्छी स्थिति में हैं। दिन और रात के तापमान में वृद्धि से सब्जियों की पैदावार भी बेहतर हो रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *