आजमगढ़ में आयोजित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की रैली से लौट रहे कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने सुभासपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह विवाद रैली में शामिल बस में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ था, जो बस्ती पहुंचने के बाद हिंसक झड़प में बदल गया। इसमें मारपीट, गाली-गलौज और वाहन तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं। घटना 18 जनवरी 2026 को आजमगढ़ से लौटते समय रोडवेज बस संख्या 01 पश्चिम में हुई। सुभासपा कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच सीट को लेकर कहासुनी हुई थी। बस में यह विवाद तत्काल शांत हो गया था, लेकिन बस्ती पहुंचने के बाद होटल शिवाय के सामने यह फिर से उग्र हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोग सरिया, सब्बल, हॉकी और डंडों से लैस होकर पहुंचे और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस संबंध में उमेश राजभर पुत्र स्वर्गीय नंदू प्रसाद, निवासी ग्राम बभनगावा खुर्द, थाना गौर, जनपद बस्ती ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए शिवनाथ नामक व्यक्ति के साथ डंडों व लात-घूंसे से मारपीट की। तहरीर में यह भी आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमर राजभर, शिवा राजभर, मुकेश राजभर, अरविंद राजभर, अवधेश राजभर सहित चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


