कैथल जिले में स्वास्थ्य विभाग इसी सप्ताह नागरिक अस्पताल में कीमोथेरेपी डे केयर सेंटर शुरू करेगा। अब कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए रोहतक और चंडीगढ़ जैसे मेडिकल कॉलेजों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। इस केंद्र में केवल कैथल ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के मरीजों को इलाज मिल सकेगा, उन्हें इलाज के लिए लंबा सफर तय करने से छुटकारा मिलेगा। साथ ही उनके धन और समय की भी बचत होगी। कैथल जिले में 550 कैंसर मरीज कैथल में करीब 550 कैंसर मरीज हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग कैथल ने दो डॉक्टरों को झज्जर के सिविल अस्पताल से ट्रेनिंग दिलाई है। ट्रेनिंग करके आए डॉक्टरों में डॉक्टर आरडी चावला और डॉ. ललित जांगड़ा शामिल हैं। इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ से भी दो लोगों को ट्रेनिंग दिलाई गई है।
एक ही दिन में होगा इलाज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डे केयर सेंटर में मरीज सुबह आकर दाखिल हो सकेंगे और दिनभर इलाज के बाद उन्हें रात को ही छुट्टी दे दी जाएगी। इसके बाद वे अपने घर जा सकेंगे। ऐसे ही आगे की प्रक्रिया रहेगी, उन्हें समय अनुसार अस्पताल के डे केयर सेंटर में बुलाया जाएगा और इलाज के बाद छुट्टी देकर उन्हें आगे दोबारा आने का समय बताया जाएगा। कमरे समेत अन्य सुविधाएं जुटाई सिविल सर्जन डॉ. डॉक्टर रेनू चावला ने बताया कि डे केयर सेंटर के लिए अस्पताल में कमरे व अन्य सुविधाएं जुटाई गई हैं, डॉक्टर भी ट्रेनिंग करके आ गए हैं। मरीजों को यहां पर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और दवाइयां उपलब्ध हो सकेगी, जहां पर कम दूरी पर कोई मेडिकल कॉलेज नहीं है, वहां के लोग कैथल सिविल अस्पताल में आकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।


