संभल बीजेपी जिला मंत्री मीनाक्षी सागर ने पार्टी छोड़ी:कांग्रेस ज्वाइन कर भाजपा को संविधान विरोधी बताया, लखनऊ में अजय राय ने सदस्यता दिलाई

संभल बीजेपी जिला मंत्री मीनाक्षी सागर ने पार्टी छोड़ी:कांग्रेस ज्वाइन कर भाजपा को संविधान विरोधी बताया, लखनऊ में अजय राय ने सदस्यता दिलाई

संभल बीजेपी की जिला मंत्री मीनाक्षी सागर ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। मीनाक्षी सागर सोमवार को लखनऊ पहुंचीं। वह उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी के जनपद संभल की चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से आती हैं। कांग्रेस में शामिल होने के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और संभल के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शर्मा भी मौजूद थे। प्रोफेसर मीनाक्षी सागर ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला, दलित, मजदूर, गरीब और किसान विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। सागर के अनुसार, भाजपा बाबा साहब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और पार्टी में कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं सुनी जाती। मीनाक्षी सागर ने कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संविधान की रक्षा, देश में भाईचारे और हर वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महात्मा गांधी और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलती रही है और सभी वर्गों को सम्मान देती है। इस अवसर पर संभल के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, संभल शहर अध्यक्ष शिव किशोर गौतम और चंदौसी के पूर्व नगर अध्यक्ष मुनेश कुमार जोशी सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। मीनाक्षी सागर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी के कार्यकाल से लेकर अब तक पार्टी की जिला मंत्री थीं। वह चंदौसी के एसएम कॉलेज में प्रोफेसर भी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *