सिगरेट पीने को लेकर दो युवकों में विवाद:हिंदू-मुस्लिम टकराव की अफवाह, पुलिस ने पहुंचकर हालात को संभाला

सिगरेट पीने को लेकर दो युवकों में विवाद:हिंदू-मुस्लिम टकराव की अफवाह, पुलिस ने पहुंचकर हालात को संभाला

पीलीभीत के पूरनपुर नगर स्थित मोहल्ला साहूकारा में सोमवार रात दो युवकों के बीच विवाद हो गया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर हिंदू-मुस्लिम टकराव की अफवाहें फैल गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और तनावपूर्ण माहौल को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला साहूकारा में फरदीन और सनी नामक दो युवकों के बीच कहासुनी हुई। थाना अध्यक्ष पवन पांडे के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यह विवाद सिगरेट पीने को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि सनी ने फोन कर अपने कुछ अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे सनी के साथियों ने उकसावे वाली कार्रवाई की और एक समुदाय विशेष के प्रति अभद्र गालियों तथा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। गाली-गलौज और शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी घरों से बाहर आ गए। चूंकि यह मामला दो अलग-अलग समुदायों के युवकों के बीच था, इसलिए पूरे क्षेत्र में जल्द ही यह अफवाह फैल गई कि एक बड़ा सांप्रदायिक विवाद हो गया है। तनाव की सूचना मिलते ही कोतवाल पवन पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सक्रियता देख हंगामा कर रहे युवक वहां से भाग खड़े हुए। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी (CO) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह दो व्यक्तियों का निजी विवाद था, जिसे कुछ लोग गलत रंग देने की कोशिश कर रहे थे। थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया, “दो युवकों के बीच सिगरेट पीने को लेकर विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम भेजकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *