यूपी पुलिस के दरोगा पर गंभीर आरोप, पीड़िता बोली…न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर

यूपी पुलिस के दरोगा पर गंभीर आरोप, पीड़िता बोली…न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर

सिद्धार्थनगर में एक दरोगा पर महिला ने गंभीर आरोप लगाया है, यह दरोगा डुमरियागंज थाने में तैनात अरविंद मौर्य हैं। इन पर बेटियों की बरामदगी के बहाने गुजरात और मुंबई ले जाकर आर्थिक शोषण और छेड़खानी का आरोप लगाया हैं। पीड़िता ने SP को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 20 नवंबर 2025 को उसकी दो बेटियां लापता हो गई थीं।

SP के हस्तक्षेप पर हुई दोनों लड़कियों की बरामदगी

जब डुमरियागंज थाने पर शिकायत किया गया तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में SP सिद्धार्थनगर के हस्तक्षेप पर मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से बेटियों की लोकेशन ट्रेस की गई।

महिला के मुताबिक पुलिस की जांच में एक बेटी गुजरात और दूसरी मुंबई में पाई गई। बड़ी बेटी को मुंबई के एक होटल से अरबाज नामक युवक के साथ बरामद किया गया।

महिला का आरोप, दरोगा के साथ जाने का पूरा खर्च उसने दिया

महिला का आरोप है कि इस पूरी बरामदगी की प्रक्रिया के दौरान सब इंस्पेक्टर अरविंद मौर्य उसे अपने साथ लेकर गए थे। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान पूरी यात्रा का खर्च उससे ही कराया गया।

उसने कहा कि सारा भुगतान उसने अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन किया। महिला का दावा है कि इन सभी भुगतानों के डिजिटल साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं। जिन्हें वह जांच के दौरान प्रस्तुत कर सकती है।

होटल में दरोगा पर छेड़छाड़ करने का लगाया आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि मुंबई और अन्य स्थानों पर ठहरने के दौरान सब इंस्पेक्टर अरविंद मौर्य ने होटल में उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया और छेड़खानी की। पीड़िता के विरोध करने पर उसे धमकाया गया कि शिकायत करने पर उसे और उसकी बेटियों को झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाएगा।

महिला का आरोप है कि जिस युवक अरबाज के साथ उसकी बेटी होटल में मिली थी। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और उसे रास्ते में ही छोड़ दिया गया।

न्याय न मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने की धमकी

शिकायती पत्र में महिला ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकती है। जिसके जिम्मेदार दरोगा अरविंद मौर्य होंगे। मामले के सामने आने के बाद SP के निर्देश पर CO बांसी कार्यालय में महिला और उसकी बड़ी बेटी के बयान दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। CO बांसी रोहिणी यादव ने बताया कि जांच की जा रही है, रिपोर्ट जल्द ही भेज दी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *