मौसम ने बदली करवट: रात में खुला आसमान, चली सर्द हवा, ठंड ने लिया यू-टर्न

मौसम ने बदली करवट: रात में खुला आसमान, चली सर्द हवा, ठंड ने लिया यू-टर्न

मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। सोमवार की रात आसमान साफ रहा और उत्तर दिशा से चली सर्द हवाओं ने ठंड का असर बढ़ा दिया। दिन में धूप रहने के बावजूद सुबह-शाम की ठिठुरन ने लोगों को फिर से गर्म कपड़ों की ओर लौटा दिया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फरवरी की शुरुआत के पहले 10 दिन मौसम सर्द बना रह सकता है, इसके बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा।

सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 4.9 डिग्री कम है। तापमान में आई इस गिरावट ने रात की ठंडक को और तेज कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के ऊपर बना चक्रवातीय घेरा अब कमजोर पड़ गया है, इसी कारण फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि वातावरण में मौजूद नमी के चलते हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति सुबह के समय बन सकती है। खासकर खुले इलाकों और बाहरी सड़कों पर दृश्यता कम रहने की आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक रातें सर्द और सुबह ठंडी बनी रह सकती हैं। दिन में धूप जरूर राहत देगी, लेकिन हवा में घुली ठंडक का असर बना रहेगा।

पांच को आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ

पांच फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसका असर 6 से 7 फरवरी को दिखेगा। जेट स्ट्रीम हवा पूर्वोत्तर भारत में चल रही है। इस हवा का रुख बदलने से कोहार कजोर पड़ेगा। सुबह जल्द धूप निकल आएगी।

– वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन इसका असर पंजाब व दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *