Akshay Kumar Joins Rohit Shetty Golmaal 5: बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है, लेकिन इस बार कहानी में ऐसा मोड़ आने वाला है जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। हाल ही में फायरिंग की घटना के बाद रोहित शेट्टी पहले से ही लाइमलाइट में हैं लेकिन इसी बीच उनकी फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर जो खबर सामने आई है, उसने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में अक्षय कुमार की एंट्री होने जा रही है और वो भी हीरो नहीं, बल्कि विलेन के रूप में।
नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे अक्षय कुमार (Akshay Kumar Joins Rohit Shetty Golmaal 5)
करीब दो दशकों से दर्शकों को हंसी का डोज देने वाली गोलमाल सीरीज अब एक नए प्रयोग की ओर बढ़ रही है। अब तक ये फ्रेंचाइजी हल्की-फुल्की कॉमेडी, कन्फ्यूजन और दमदार वन-लाइनर्स के लिए जानी जाती रही है। ‘वेराइटी इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक ‘गोलमाल 5’ में पहली बार कहानी को एक मजबूत नकारात्मक किरदार मिलने वाला है, जिसे निभाएंगे अक्षय कुमार।
फिर एक ही फिल्म में दिखेंगे अजय-अक्षय
अजय देवगन और अक्षय कुमार की ये जोड़ी पहले भी कई फिल्मों में नजर आ चुकी है, लेकिन इस बार दोनों आमने-सामने होंगे। एक तरफ अजय देवगन अपनी टीम के साथ हास्य का तड़का लगाते दिखेंगे, तो दूसरी तरफ अक्षय कुमार का विलेन अवतार कहानी में नए रंग भर देगा। माना जा रहा है कि ये किरदार कॉमिक होने के साथ-साथ कहानी को फैंटेसी टच भी देगा, जिससे फिल्म का स्केल पहले से कहीं बड़ा होगा।
फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो ‘गोलमाल 5’ में पुरानी टीम की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कालसेकर जैसे कलाकार भी फिल्म की कॉमेडी को मजबूती देंगे। शरमन जोशी की वापसी की भी चर्चा है, जबकि करीना कपूर खान के नाम पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
गोलमाल फ्रेंचाइजी की शुरुआत
गोलमाल फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में हुई थी और अब यह सीरीज अपने 20 साल पूरे करने जा रही है। ऐसे में मेकर्स इस खास मौके को और भी यादगार बनाना चाहते हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई के फिल्म सिटी में फरवरी के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है, वहीं इसे 2027 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
अक्षय कुमार और अजय देवगन की ये छठी फिल्म होगी, जो करीब 32 साल लंबे करियर में दोनों को एक बार फिर साथ ला रही है। इस बार हीरो-विलेन की टक्कर के साथ, गोलमाल 5 से दर्शकों को जबरदस्त हंसी, ट्विस्ट और सरप्राइज की पूरी उम्मीद है।


