कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को छतरपुर दौरे पर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध धंधे, माफिया और अपराध भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पटवारी ने दावा किया कि भाजपा विधायकों, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं के आपत्तिजनक वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं, जो इस गठजोड़ की सच्चाई को उजागर करते हैं। जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और नेतृत्व पूरी तरह समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि महज दो साल के कार्यकाल में सरकार प्रदेश को उन्नति की दिशा में नहीं ले जा सकी। मोहन यादव सरकार प्रशासन संभालने में विफल रही है और जनता पर उसका कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। कलेक्टर रिश्वत ले रहे, रेत में खुला गठजोड़ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई कलेक्टर रिश्वत ले रहे हैं और बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है। पटवारी ने कहा कि मुख्य सचिव ने खुद इस बात को स्वीकार किया है और मुख्यमंत्री की चुप्पी इसे स्वीकार करने का संकेत है। अवैध रेत खनन के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि यह स्थिति केवल छतरपुर में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस इलाके में है जहां रेत उपलब्ध है। उन्होंने नेताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों के खुले गठजोड़ का आरोप लगाया। अमेरिका में हुए खुलासे से भारत की छवि खराब केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2012-14 के दौरान देश को ‘विश्व गुरु’ बनाने, नया भारत बनाने, दो करोड़ रोजगार, 15-15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने जैसे बड़े वादे किए थे। आज देश और अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति सबके सामने है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हुए हालिया खुलासों को देश देख रहा है और दुनिया में भारत के वर्चस्व को गहरा नुकसान पहुंचा है। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी संसद में जो बात रखना चाहते थे, उन्हें बोलने नहीं देना इस बात का प्रमाण है कि सरकार डरी हुई है और सच से भाग रही है। झूठ की सरकार है, मोदी-भाजपा बाहर होंगे उन्होंने आरोप लगाया कि यह झूठ की सरकार है, जिसने वोट चोरी की राजनीति की है। आने वाले चुनावों में भाजपा और नरेंद्र मोदी दोनों सत्ता से बाहर होंगे। भाजपा की पाखंड और झूठ की राजनीति ही उसकी हार का कारण बनेगी और उसे इसका सामना करना पड़ेगा। संगठन को मजबूत करने आए हैं अपने छतरपुर प्रवास के दौरान जीतू पटवारी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्षों की विधानसभा-वार समीक्षा की और पदाधिकारियों से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य पंचायत स्तर पर संगठन का गठन कर कांग्रेस संगठन को मजबूत करना है।


