UP School Admission: यूपी में आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों के बच्चों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब प्राइवेट स्कूलों में बिना फीस पढ़ाई का मौका मिलने जा रहा है। दरअसल, शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसके तहत निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों की 25 फीसदी सीटों पर बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। RTE के तहत दाखिले की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में आवेदन 2 फरवरी से 16 फरवरी तक किए जा सकेंगे। इसके बाद दूसरा चरण 21 फरवरी से 7 मार्च तक चलेगा। वहीं, तीसरा और अंतिम चरण 12 मार्च से 25 मार्च के बीच होगा। इस योजना में नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा 1 में बच्चों को दिया जाएगा।
School Admission: लॉटरी से होगा स्कूल का चयन
आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को स्कूलों का आवंटन लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा। पहले चरण की लॉटरी 18 फरवरी को निकलेगी। दूसरे चरण की लॉटरी 9 मार्च और तीसरे चरण की 29 मार्च को कराई जाएगी। लॉटरी में चयनित बच्चों के नामांकन के लिए संबंधित स्कूलों को बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से निर्देश जारी किए जाएंगे।
UP School Admission Dates: 11 अप्रैल तक पूरा होगा नामांकन
शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि लॉटरी में चयनित बच्चों का दाखिला हर हाल में 11 अप्रैल तक पूरा कराना होगा। प्रदेश के हर मान्यता प्राप्त निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूल में शुरुआती कक्षाओं की कुल सीटों में से कम से कम 25 फीसदी सीटों पर RTE के तहत एडमिशन देना अनिवार्य होगा।
UP School Admission Age Limit: उम्र की सीमा भी तय
दाखिले के लिए बच्चों की उम्र भी निर्धारित की गई है। नर्सरी के लिए 3 से 4 साल, एलकेजी के लिए 4 से 5 साल, यूकेजी के लिए 5 से 6 साल और कक्षा 1 के लिए 6 से 7 साल उम्र होनी चाहिए। उम्र की गणना 1 अप्रैल 2026 से की जाएगी।
UP School Admission: केवल ऑनलाइन होगा आवेदन
RTE के तहत आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभिभावकों को इसके लिए सरकारी पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरना होगा। प्रदेश में करीब 68 हजार प्राइवेट स्कूल हैं, जहां लगभग 6 लाख सीटों पर दाखिले की संभावना है। पिछले साल इस योजना के तहत लाखों आवेदन आए थे, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने का मौका मिला।


