मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 18 वर्षीय आरोपी दीपक यादव को घुघरी के पास से तब पकड़ा गया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रही है। यह घटना ग्राम सहजपुरी की है। रविवार सुबह गांव के ही युवक दीपक यादव ने 45 वर्षीय फूलकली बैगा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर कई वार किए जाने से महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हमले के बाद आरोपी कुल्हाड़ी महिला की गर्दन में फंसी छोड़कर फरार हो गया था। जानकारी के अनुसार, आरोपी मृतका के बेटे का दोस्त था। आरोपी और उसका भाई अक्सर बीमार रहते थे, जिसके कारण उन्हें फूलकली बैगा पर जादू-टोना करने का संदेह था। रविवार को जब महिला के परिजन घर पर मौजूद नहीं थे, तभी आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना पड़ोसियों ने डायल 112 पर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बिछिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिछिया थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम ने बताया कि पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी दीपक यादव (पिता मोतीलाल यादव) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम की लगातार तलाश के बाद आरोपी को घुघरी के पास से गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम, उपनिरीक्षक प्रवीण मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश विजयवार, प्रधान आरक्षक अजीत परते, आरक्षक अमृत, नानसाय मरावी और भीकम की सराहनीय भूमिका रही।


