पंजाब के लुधियाना में ढोका मोहल्ला में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज और जल निकासी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। 10 दिनों से नाले का पानी हो रहा ओवरफ्लो प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हर साल बरसात के दिनों में गंदा नाला ओवरफ्लो हो जाता है, जिससे नाले का दूषित पानी लोगों के घरों में घुस जाता है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अब बीते 10 दिनों से रोजाना नाले का पानी घरों के बाहर ओवरफ्लो होकर सड़कों और गलियों में फैल रहा है। इससे न केवल आवाजाही में दिक्कत हो रही है, बल्कि घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान भी खराब हो रहा है। कई बार शिकायत, लेकिन नहीं निकला पक्का समाधान प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। मजबूर होकर लोगों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। धरने में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
धरना स्थल पर पूर्व विधायक सुरेंद्र डाबर, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्होत्रा, पार्षद अरुण शर्मा और मंगतराम मौजूद रहे। नेताओं ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। जोन-डी का मुख्य गेट बंद
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने जोंडी का मुख्य गेट पूरी तरह बंद रखा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


