Rohit Shetty House Firing Video: पूरा बॉलीवुड उस समय दहशत में आ गया, जब फेमस डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई आवास पर शनिवार सुबह ताबड़तोड़ 4 राउंड फायरिंग हुई। जैसे ही खबर आई पूरे सोशल मीडिया पर तहलका मच गया। मुंबई पुलिस सतर्क हो गई और जांच टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। अब इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वह बेहद चौंकाने वाले हैं। इन आरोपियों का सीधा संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य शुभम लोनकर से पाया गया है, जो बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी मुख्य आरोपी है। अब इस वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है जिसमें एक आरोपी फायरिंग करते नजर आ रहा है।
रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग का वीडियो आया सामने (Rohit Shetty House Firing CCTV Footage)
CCTV फुटेज जो सामने आई हैं उसमें एक हमलावर साफ तौर पर गोलियां चलाते दिख रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले रोहित शेट्टी के घर और उनके आने-जाने के रास्तों की कई बार रेकी की थी। एक गोली इमारत के जिम के शीशे को चीरते हुए अंदर जा लगी थी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बॉलीवुड गलियारे में दहशत का माहौल बन गया।
पुणे से पकड़े गए हमलावर, 5 फरवरी तक पुलिस कस्टडी (Rohit Shetty house firing Four accused arrested by Mumbai Police)
क्राइम ब्रांच ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए 12 से ज्यादा टीमें बनाई थीं। तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस पुणे तक पहुंची, जहां से पांच संदिग्धों को उठाया गया था। गहन पूछताछ के बाद चार युवकों- आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बंडू सकट (23) को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पांचवें संदिग्ध से अभी भी पूछताछ जारी है। रविवार को इन्हें एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
किसने क्या किया? (Lawrence Bishnoi gang claims responsibility for Rohit Shetty shooting)
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरी फायरिंग की स्क्रिप्ट जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई ने लिखी थी। सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने इसे महज एक ‘ट्रेलर’ बताया था। पुलिस के मुताबिक, शुभम लोनकर ने ही इस हमले के लिए जरूरी पैसा (फंडिंग) मुहैया कराया था। इसी रकम का इस्तेमाल वारदात के लिए गाड़ी और हथियार खरीदने में किया गया।
पुलिस ने कोर्ट में बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई ‘होंडा डियो’ स्कूटर का इंतजाम आदित्य गायकी की सलाह पर किया गया था। वहीं, समर्थ शिवशरण पोमाजी सीधे तौर पर शुभम लोनकर के संपर्क में था और उसने पूरी साजिश रचने में मदद की। अन्य आरोपियों ने शूटरों को रहने की जगह और रेकी (निगरानी) करने में मदद पहुंचाई। इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम (Shots fired at Rohit Shetty home in Mumbai)
इस घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास और उनके दफ्तर के बाहर सुरक्षा घेरा काफी बढ़ा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शुभम लोनकर अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि रोहित शेट्टी को निशाना बनाने के पीछे गैंग का असली मकसद क्या था। क्या यह सिर्फ जबरन वसूली की कोशिश थी या बॉलीवुड में खौफ पैदा करने की कोई बड़ी साजिश? फिलहाल, मुंबई पुलिस की 12 से ज्यादा टीमें इस केस पर काम कर रही हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नाम और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।


