श्रीगंगानगर में सड़क हादसा: कोहरे में आमने-सामने भिड़े रोडवेज बस और ट्रक, चालक की मौके पर मौत, 6 से ज्यादा यात्री घायल

श्रीगंगानगर में सड़क हादसा: कोहरे में आमने-सामने भिड़े रोडवेज बस और ट्रक, चालक की मौके पर मौत, 6 से ज्यादा यात्री घायल

Sri Ganganagar-Suratgarh road accident: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में सोमवार सुबह घने कोहरे और धुंध के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 पर स्थित पालीवाला बस स्टैंड के समीप राजस्थान रोडवेज की एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह के समय इलाके में अत्यधिक धुंध और कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता काफी कम थी। पालीवाला बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे ट्रक और रोडवेज बस की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े।

ट्रॉमा सेंटर में घायलों का उपचार जारी

हादसे की सूचना मिलते ही सूरतगढ़ सदर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सूरतगढ़ ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

यातायात हुआ प्रभावित

हादसे के बाद नेशनल हाइवे-62 पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सदर पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *