मुरादाबाद में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत सत्र 2026-27 के लिए निजी स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस वर्ष जिले में आरटीई के अंतर्गत आरक्षित सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे अधिक गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में शिक्षा का अवसर मिलेगा। इस साल जिले के 1184 निजी स्कूलों में कुल 13,800 सीटें आरक्षित की गई हैं। पिछले वर्ष 1111 स्कूलों में 12,768 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया हुई थी। इस प्रकार, इस बार लगभग एक हजार सीटों की बढ़ोतरी हुई है। प्रशासन का मानना है कि सीटों में वृद्धि से अधिक बच्चों को लाभ मिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर को बढ़ावा मिलेगा। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया हर बार की तरह पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभिभावकों को आवेदन करते समय माता-पिता का आधार नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। इस वर्ष आवेदन में एक नया नियम भी लागू किया गया है। अब वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए आधार से लिंक बैंक खाते का विवरण भरना अनिवार्य होगा। बैंक खाते की जानकारी न देने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही समय पर फॉर्म भरें और सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। आरटीई योजना का उद्देश्य गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा प्रदान कर उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देना है।


