आगर मालवा जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर मावठे की बारिश का दौर लगातार जारी है। इस बेमौसम बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण ठंड में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार अलसुबह से जिले में फिर मावठे की बारिश शुरू हुई, जो कभी तेज तो कभी हल्की फुहारों के रूप में जारी रही। बारिश के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार नमी बढ़ने से ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। हालांकि, जिले में कोहरे का खास असर नहीं दिखा, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि यदि बारिश का यह क्रम जारी रहता है, तो इसका असर फसलों पर पड़ सकता है। चना, गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों में नमी बढ़ने से नुकसान की आशंका है। किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और खेतों में जलभराव से बचाव के लिए आवश्यक उपाय कर रहे हैं।


