ट्रैक पर फंसी कार, स्वर्ण शताब्दी बाल-बाल बची:इटावा में गेटमैन निलंबित, कार चालक पर केस, अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे

ट्रैक पर फंसी कार, स्वर्ण शताब्दी बाल-बाल बची:इटावा में गेटमैन निलंबित, कार चालक पर केस, अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे

इटावा में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना स्टेशन के पूर्वी छोर पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20 बी पर शनिवार रात बड़ा रेल हादसा होते होते टल गया। बंद फाटक के बीच कार निकालने की कोशिश में वाहन रेलवे ट्रैक पर फंस गया, तभी तेज रफ्तार स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस वहां से गुजर गई। कुछ सेकेंड की देरी से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही पर गेटमैन को निलंबित कर दिया गया है, जबकि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। बंद होते फाटक में कार निकालने की कोशिश बीते शनिवार रात करीब आठ बजकर तीस मिनट पर लखनऊ से चलकर नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस भरथना स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग 20 बी से गुजरने वाली थी। ऑटोमैटिक सिग्नल प्रणाली के तहत ट्रेन को हरा सिग्नल मिलने पर फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान एक कार चालक ने जल्दबाजी और लापरवाही दिखाते हुए बंद होते फाटक के बीच से कार निकालने की कोशिश की। कार आगे बढ़ते ही रेलवे ट्रैक के बीच जाकर फंस गई और फाटक के दोनों बूम बंद हो गए।
ट्रैक पर फंसी कार देख मची अफरा तफरी कार के ट्रैक पर फंसते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। उसी समय अप लाइन पर तेज गति से आ रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस दिखाई दी। ट्रेन को नजदीक आता देख कार चालक घबरा गया। उसने किसी तरह कार को पीछे करते हुए डाउन लाइन की ओर फाटक के बूम से सटाकर खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकला। कुछ ही सेकेंड बाद स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस तेज रफ्तार से वहां से गुजर गई। ट्रेन गुजरने के बाद चालक हुआ फरार ट्रेन के निकलते ही फाटक खोला गया। कुछ देर बाद कार चालक वापस लौटा और कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों के साथ आरपीएफ और जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। पूरे मामले को लेकर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई। वीडियो वायरल होने से रेलवे में मचा हड़कंप घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर ड्यूटी पर तैनात गेटमैन हरिओम यादव को निलंबित कर जांच बैठा दी गई है। कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज आरपीएफ ने रेलवे फाटक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कार नंबर की पहचान कर ली है। कार चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की जल्दबाजी और नियमों की अनदेखी से बड़ा हादसा हो सकता था। मंडल परिवहन प्रबंधक ने किया फाटक का निरीक्षण रविवार सुबह मंडल परिवहन प्रबंधक टूंडला पूर्वी गर्ग अपनी टीम के साथ रेलवे क्रॉसिंग 20 बी पहुंचीं। उन्होंने फाटक, केबिन और सिग्नल व्यवस्था का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। जाम की समस्या को देखते हुए उन्होंने उपजिलाधिकारी काव्य सी और नगर पालिका अधिकारियों से संयुक्त रूप से बातचीत कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। फुट ओवर ब्रिज निर्माण की तैयारी मंडल परिवहन प्रबंधक ने बताया कि रेलवे फाटक 20 बी पर फुट ओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव पहले से स्वीकृत है। इसका टेंडर हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगे। अतिक्रमण बना हादसों की वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि मोतीगंज मुहल्ले के पास स्थित रेलवे फाटक 20 बी पर सड़क के दोनों ओर ठेला, टेंपो और ई रिक्शा चालकों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया है। इससे सड़क संकरी हो गई है और फाटक खुलते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम की स्थिति के कारण कई बार वाहन फाटक के बीच ट्रैक पर फंस जाते हैं। इससे पहले भी यहां ट्रैक्टर ट्रॉली और स्कूल बस के फंसने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे बड़ा खतरा बना रहता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *