एक माह में एक लाख लोगों ने लिया ब्याज माफी योजना का लाभ, मनपा को 128 करोड़ की आय

एक माह में एक लाख लोगों ने लिया ब्याज माफी योजना का लाभ, मनपा को 128 करोड़ की आय

Ahmedabad: महानगरपालिका (मनपा) की ब्याज माफी योजना 2025-26 का लाभ लेने वालों की संख्या एक महीने में ही एक लाख (99904) हो गई। जनवरी की शुरुआत से इस योजना को लागू किया गया है। मनपा को इस अवधि में 128.05 करोड़ रुपए की नेट आय प्राप्त हुई। कुल ग्रॉस भुगतान 143.19 करोड़ रुपए रहा , इसमें से 15.14 करोड़ रुपए ब्याज के रूप में माफ किए गए। 31 मार्च तक यह योजना चलेगी।मनपा राजस्व समिति के चेयरमैन अनिरुद्ध सिंह झाला ने बताया कि शहर के सातों जोन में से उत्तर-पश्चिम ज़ोन ने सर्वाधिक 28.38 करोड़ रुपए की नेट आय दर्ज की। इसके बाद पश्चिम ज़ोन से 22.36 करोड़, दक्षिण-पश्चिम से 17.77 करोड़, मध्य ज़ोन से 18.49 करोड़, पूर्व ज़ोन से 16.37 करोड़, दक्षिण से ₹13.47 करोड़ और उत्तर जोन से 11.20 करोड़ रुपए की आय हुई।मनपा की ओर से घोषित योजना के तहत पुराने टैक्स फॉर्मूला वाली सभी आवासीय और गैर-आवासीय संपत्तियों पर फरवरी और मार्च 2026 में 100 प्रतिशत ब्याज माफी दी जाएगी। वहीं नए टैक्स फॉर्मूला के तहत आवासीय संपत्तियों पर जनवरी में 85 प्रतिशत ब्याज माफी थी, जो फरवरी में 80 और मार्च में 75 प्रतिशत होगी। गैर-आवासीय संपत्तियों पर जनवरी में 65 प्रतिशत माफी थी, जो फरवरी में 60 और मार्च में 50 प्रतिशत रहेगी। झुग्गी व चाली में रहने वालों के लिए तीनों माह तक 100 फीसदी ब्याज माफी योजना लागू की गई थी।

पिछले वर्ष की तुलना में 11.5 प्रतिशत अधिक भुगतान

आंकड़ों के अनुसार 31 जनवरी 2026 तक प्रॉपर्टी टैक्स, प्रोफेशनल टैक्स और वाहन कर से कुल 1493.62 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है। यह आय पिछले वर्ष की तुलना में 153.74 करोड़ अधिक है,जो लगभग 11.5 अधिक है। वर्ष 2024-25 में इसी अवधि तक 1339.88 करोड़ का भुगतान हुआ था। इस बार प्रॉपर्टी टैक्स से 1493.62 करोड़, प्रोफेशनल टैक्स से 217.15 करोड़ और वाहन कर से 197.93 करोड़ की आय हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *