ग्वालियर के गिरवाई इलाके में एक्सीडेंट कर भागी एक स्कॉर्पियो को माधौगंज थाना की पुलिस ने वायरलैस मिली सूचना पर पकड़ लिया है। कार में चार लोग सवार थे इनके पास एक अधिया और एक कट्टा था। जिसे देखकर पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। कार सवार बदमाश कुछ कर पाते उससे पहले ही माधौगंज एफआरवी-2 में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसको बाद में गिरवाई पुलिस आने पर उनके सुपुर्द कर दिया गया है।। गिरवाई पुलिस ने एक आरोपी के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए हथियार जब्त कर लिए है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ यादव ने बताया कि एक स्कॉर्पियो कार सड़क दुर्घटना कर भागी थी। सूचना मिलते ही गिरवाई थाना पुलिस कार सवारों के पीछे लग गई। इतना ही नहीं पुलिस अफसरों ने वायरलैस पर सूचना दे दी, जिसके बाद माधौगंज थाना क्षेत्र में पुलिस एक्टिव हुई और गुढ़ा इलाके में स्कॉर्पियो को पकड़ लिया।
स्कॉर्पियो में चार युवक बैठे थे, जिनमें से तीन पुलिस को देखते ही भाग गए, लेकिन एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए कार सवार से एक देशी अधिया, एक 315 बोर का कट्टा व कारतूस बरामद किया है। गाड़ी का नंबर एमपी04 सीआर 7884 होना बताया गया। वहीं मामले में गिरवाई पुलिस ने रवि कुशवाह निवासी बिरथरियों का पुरा को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस कर रही पूछताछ हथियारों लेकर क्यों घूम रहे थे
पुलिस ने इस मामले में कार व हथियारों के साथ पकड़े गए बदमाश से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि पकड़ा गया आरोपी इन हथियारों को कहां से लाया था और इनको कार में रखकर घूमने का मकसद क्या था। वह इन हथियारों से क्या करने वाला था।
गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह यादव ने बताया- एक गाड़ी के पीछे पुलिस लगी थी, जिसे माधौगंज क्षेत्र में पकड़ा गया। गाड़ी में हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।


