पिकअप ने होमगार्ड सहायक कमांडर को टक्कर मारी:हालत गंभीर, झांसी रेफर; ड्यूटी से लौट रहे थे घर

पिकअप ने होमगार्ड सहायक कमांडर को टक्कर मारी:हालत गंभीर, झांसी रेफर; ड्यूटी से लौट रहे थे घर

महोबा में रविवार शाम एक सड़क हादसे में होमगार्ड विभाग के सहायक कंपनी कमांडर गंभीर रूप से घायल हो गए। कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के बघौल गांव के पास ड्यूटी से घर लौटते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल ओमप्रकाश (55) जखा गांव के निवासी हैं। होमगार्ड विभाग में सहायक कंपनी कमांडर के पद पर तैनात हैं। बताया गया कि वह होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय से ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बघौल गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमप्रकाश सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से घायल को महोबा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर यतेंद्र पुरवार ने उनका प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में गहरी चोट और अन्य गंभीर जख्मों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायल के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं, स्थानीय पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पिकअप वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *