उदयपुर में ज्वैलरी शॉप में चोरी की कोशिश:शटर नहीं तोड़ पाए तो खाली हाथ भागे; लाखो की ज्वैलरी और कैश बचा

उदयपुर जिले के भटेवर कस्बे में बीती रात शनिवार अलसुबह बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की साजिश रची, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। बस स्टैंड के पास स्थित एक सोने-चांदी की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया, मगर लाख कोशिशों के बाद भी जब दुकान का शटर नहीं खुला, तो उन्हें खाली हाथ ही वहां से भागना पड़ा। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, भटेवर में बस स्टैंड के पास गोपाल सोनी की महालक्ष्मी जेवर नाम से दुकान है। बीती रात बेखौफ चोरों ने इस दुकान पर धावा बोला। चोरों ने पूरी तैयारी के साथ दुकान के ताले तो तोड़ दिए, लेकिन जब शटर उठाने की बारी आई तो उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया। बदमाशों ने शटर को ऊपर खींचने के लिए काफी मशक्कत की, जोर लगाया, लेकिन मजबूत शटर नहीं खुल पाया। काफी देर तक पसीना बहाने के बाद जब चोरों को लगा कि शटर नहीं खुलेगा, तो वे पकड़े जाने के डर से वहां से फरार हो गए। घटना का पता रविवार सुबह चला, जब दुकानदार गोपाल सोनी हमेशा की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के बाहर टूटे हुए ताले जमीन पर पड़े देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शटर चेक किया और आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। गनीमत रही कि चोर अंदर नहीं घुस पाए थे, जिससे दुकान में रखे लाखों के जेवरात और नकदी पूरी तरह सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाश चोरी की कोशिश करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान कर रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *