33 साल बाद ढाई किलो का हाथ फिर चलने को है तैयार, ‘बॉर्डर 2’ के बाद ‘घातक’ की सीक्वल आई चर्चा में

Sunny Deol Upcoming Movies Ghatak 2: बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल इन दिनों अपनी लेटेस्ट देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इस बीच, 90 के दशक की उनकी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘घातक’ के सीक्वल को लेकर फिल्मी गलियारों में सुर्खियां तेज हो गई हैं।

‘बॉर्डर 2’ के बाद ‘घातक’ की सीक्वल आई सुर्खियो में

फिल्म ‘गदर 2’ और अब ‘बॉर्डर 2’ की जबरदस्त सफलता ने ये साबित कर दिया है कि दर्शक सनी देओल को उनके एक्शन-पैक और दमदार अंदाज में देखना बेहद पसंद करते हैं। यही कारण है कि कई फिल्म निर्माता उनकी पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल बनाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। बता दें, सनी देओल के साथ ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी यादगार फिल्में बनाने वाले फेमस फिल्मकार राजकुमार संतोषी का नाम इस लिस्ट में सबसे आगे है। खबरों के मुताबिक, राजकुमार संतोषी अब साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘घातक’ का सीक्वल ‘घातक 2’ बनाना चाहते हैं।

इतना ही नहीं, बताया जा रहा है कि सनी देओल फिलहाल मनाली में छुट्टियां मना रहे हैं और ‘बॉर्डर 2’ की कामयाबी का मजा ले रहे हैं। इसी दौरान राजकुमार संतोषी ने उनसे ‘घातक 2’ के बारे में बात की, जिसमें सनी ने भी दिलचस्पी दिखाई हैं। इसके बाद सनी ने राजकुमार संतोषी को मनाली बुला लिया, ताकि वे आराम से उन्हें ‘घातक 2’ की कहानी सुना सकें और अब राजकुमार संतोषी भी मनाली पहुंच गए हैं।

एक्टर ‘घातक 2’ में काम करेंगे या नहीं

बता दें, सनी देओल ‘घातक 2’ में काम करेंगे या नहीं, ये फिल्म की पटकथा और सनी की डेट्स की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। लेकिन ये तो तय है कि सनी देओल और राजकुमार संतोषी एक बार फिर साथ काम करने वाले हैं। ‘दामिनी’, ‘घातक’ और ‘घायल’ के बाद, वे आमिर खान के प्रोडक्शन में बन रही फिल्म ‘लाहौर 1947’ में भी साथ हैं।

इसके अलावा, सनी की फिल्म ‘जाट 2’ का निर्देशन भी राजकुमार संतोषी द्वारा किए जाने की खबरें हैं। दरअसल, अगर ‘घातक 2’ बनती है, तो फैंस को एक बार फिर पर्दे पर सनी देओल का ‘काशी त्रिवेदी’ वाला एंग्री और गुस्सैल लुक देखने को मिलेगा, जिसकी यादें आज भी फैंस के दिलों में अब भी ताजा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *