लुधियाना जिले की जगराओं में एक नाबालिग लड़की की शादी और उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें लड़की के माता-पिता और उससे शादी करने वाला युवक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा के गांव दाइया कलां निवासी सुरजन सिंह और सरबजीत कौर तथा गांव अमरगढ़ कलेरा निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों को कोर्ट में पेश कर आगे की जांच की जा रही है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी। चौकी गालिब कलां के एएसआई चमकौर सिंह ने बताया कि अस्पताल ने सूचित किया था कि लगभग नौ महीने की गर्भवती एक नाबालिग लड़की इलाज के लिए उनके पास आई थी। मां ने नाबालिग बेटी की शादी करवाई पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरबजीत कौर ने अपने पहले पति से तलाक के बाद बच्चों सहित सुरजन सिंह के साथ रहना शुरू कर दिया था। इसी दौरान उन्होंने अपनी लगभग 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी जसप्रीत सिंह से करवा दी। शादी के कुछ ही महीनों बाद लड़की गर्भवती हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों को लड़की की उम्र पर संदेह हुआ। आधार कार्ड की जांच करने पर लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने इस मामले में लड़की की मां, पिता और पति के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।


