माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को गाजीपुर के ददरी घाट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही गंगा घाट पर भक्तों का तांता लगा रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज के इलाकों से यहां पहुंचे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-पाठ, दान तथा जप-तप किया। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। माघ पूर्णिमा के साथ ही कल्पवास का समापन भी होता है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ददरी घाट पर पीएसी की बाढ़ आपदा राहत टीम तैनात की गई थी। गोताखोरों और पुलिस बल की मौजूदगी में स्नान संपन्न कराया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


