सीहोर में इंदौर–भोपाल हाईवे पर बेड़ाखेड़ी जोड़ के पास रविवार सुबह एक स्लीपर बस गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में एक यात्री घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुबह करीब 8:20 बजे आष्टा थाना क्षेत्र में हुआ। अहमदाबाद से भोपाल जा रही स्लीपर बस (क्रमांक GJ14 X 5910) में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क पर गाय आ जाने से चालक ने बस को मोड़ने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे पलट गई।
घायल को अस्पताल में कराया भर्ती हादसे में हरिश्चंद्र पटेल (27), निवासी कांकेर, छत्तीसगढ़, की नाक में चोट आई है। घायल को अमलाहा टोल की एम्बुलेंस की मदद से आष्टा स्थित अपोलो अस्पताल भेजा गया। बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही अमलाहा चौकी और आष्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।


