हरदोई पुलिस ने तीन भैंस चोरों को किया गिरफ्तार:मुठभेड़ में एक घायल, चोरी की भैंस और पिकअप बरामद

हरदोई पुलिस ने तीन भैंस चोरों को किया गिरफ्तार:मुठभेड़ में एक घायल, चोरी की भैंस और पिकअप बरामद

हरदोई जनपद के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। ज्यूरी गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे लिंक रोड पर हुई इस कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि सवायजपुर के पलियापुर निवासी प्रमोद ने रविवार रात भैंस चोरी की सूचना दी थी। वायरलेस पर सूचना प्रसारित होने के बाद हरपालपुर पुलिस ज्यूरी गांव के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध पिकअप डाला आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालकों ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एटा निवासी गुलशेर के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मौके से उसके साथी गिरधारी (फिरोजाबाद) और भोला (एटा) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, घटना में प्रयुक्त पिकअप डाला, 80 हजार रुपये की नकदी, दो तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि बरामद पिकअप गाड़ी 31 जनवरी 2026 को लोनार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर है जो दिन में पशुओं की रेकी करता था और रात को चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पकड़े गए अभियुक्त हरपालपुर, कछौना, लोनार और सवायजपुर क्षेत्र में सक्रिय थे। इस सफल मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज के साथ एसओजी प्रभारी राजेश यादव, स्वाट और सर्विलांस टीम के सिपाही शामिल रहे। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की गहनता से पड़ताल कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *