रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर अंधाधुंध फायरिंग, बाल-बाल बचे डायरेक्टर

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर अंधाधुंध फायरिंग, बाल-बाल बचे डायरेक्टर

मुंबई के जुहू इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर बॉलीवुड निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, आधी रात के बाद अज्ञात हमलावर ने रोहित शेट्टी के आवास ‘शेट्टी टावर्स’ के बाहर पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं और फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आसपास के इलाके को घेर लिया गया और सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाले हमलावर की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। राहत की बात यह है कि घर के अंदर मौजूद सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। फायरिंग के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

मुंबई पुलिस ने शुरू की सघन जांच

मुंबई पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और घटना के मकसद का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूत्रों की मदद ली जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई में सेलिब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी इन दिनों मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश मरिया (Rakesh Maria Film) की बायोपिक पर काम कर रहे हैं, जिसका काम लगभग पूरा हो चुका है। रोहित शेट्टी हाल ही में गणतंत्र दिवस की परेड में मुंबई पुलिस के साथ नजर आए थे। इसके अलावा, वह फरवरी से अजय देवगन के साथ अपनी मशहूर फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ की अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करने की तैयारी में थे। रोहित न केवल फिल्मों बल्कि टीवी रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के होस्ट के रूप में भी बेहद लोकप्रिय हैं।

रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल निर्देशक-निर्माताओं में गिने जाते हैं। उन्हें एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए खास पहचान मिली है। ऐसे में उनके घर के बाहर फायरिंग से सनसनी मच गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को दबोचकर इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *