लुधियाना के मॉडल टाउन में रहने वाले एडवोकेट प्रभजोत सिंह सचदेवा ने पंजाब एंड हरियाणा सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विसेज में टॉप किया है। यह परीक्षा पास करने के बाद वो हायर ज्यूडिशियल सर्विसेज के तहत एडिशनल सेशन जज बन गए हैं। प्रभजोत सिंह लुधियाना जिला एवं सेशन कोर्ट में प्रैक्टिस करते थे। वो काफी समय से सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। पहली बार वो सफल नहीं हुए। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दोबारा तैयारी में जुट गए। इस बार उन्होंने पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में सभी को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थाना हासिल किया। 3 नंबर की हार को बनाया जीत का आधार प्रभजोत सिंह ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था। साल 2024 में जब उन्होंने पहली बार परीक्षा दी, तो वह महज 3 अंकों से पिछड़ गए थे। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया और कड़ी मेहनत शुरू की। वकालत के साथ-साथ वह रोज सुबह 4 बजे तक पढ़ाई करते थे। उन्हाेंने अपना लक्ष्य तय किया था कि उन्हें यह परीक्षा हर हाल में पास करनी है। इस बार मेहनत की और इस परीक्षा को टॉप किया। एलएलबी करके लुधियाना कोर्ट में की वकालत प्रभजोत सिंह ने बताया कि उन्होंने एलएलबी करने के बाद लुधियाना कोर्ट में वकालत शुरू की। 2014 से लगातार लुधियाना कोर्ट में वकालत कर रहे हैं। परिवार में इससे पहले किसी ने कानून की पढ़ाई नहीं की। उन्होंने बताया कि लॉ करते समय ही लक्ष्य तय किया था कि जज बनना है। प्रभजोत सिंह के पिता बिजनेस मैन, पत्नी डेंटिस्ट प्रभजोत अपने परिवार में पहली पीढ़ी के वकील हैं। उनकी इस सफलता से पूरे घर में जश्न का माहौल है। पिता व भाई: साइकिल पार्ट्स का बिजनेस संभालते हैं। पत्नी: डॉ. सचदेवा (MDS) शहीद करतार सिंह सराभा डेंटल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। माँ व भाभी होममेकर हैं जिन्होंने घर का मोर्चा संभालकर प्रभजोत को पढ़ाई का समय दिया। गुरु को समर्पित की सफलता प्रभजोत ने अपनी इस ऐतिहासिक कामयाबी को अपने गुरु स्वर्गीय एडवोकेट मदन लाल शर्मा जी को समर्पित किया है। उन्होंने कहा मेरे गुरु जी ने ही मुझे जज बनने के लिए प्रेरित किया था आज उनका सपना पूरा हुआ है। SCD कॉलेज के टॉपर रहे
प्रभजोत ने स्कूलिंग गुरु नानक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मॉडल टाउन लुधियाना से की है और ग्रेजुएशन SCD गवर्नमेंट कॉलेज से की। ग्रेजुएशन में भी वो कॉलेज में टॉपर रहे। जिसके बाद LLB पंजाब यूनिवर्सिटी रीजनल सेंटर लुधियाना से की और L.LM कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र से की। जज पर बनी लोगों की अस्था को टूटने नहीं दूंगा प्रभजोत सिंह का कहना है कि लोग अदालत पर अंतिम भरोसा करते हैं। एक जज के रूप में मेरी कोशिश रहेगी कि ईमानदारी और निष्ठा के साथ इस भरोसे को कभी टूटने न दूं। संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखना ही मेरी प्राथमिकता होगी।


