भास्कर न्यूज| चाईबासा नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया 29 जनवरी से चल रही है। तीन दिन बीत गए लेकिन अब तक किसी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को नामांकन पत्रों की खरीद बिक्री बंद रहेगी। संभावना जताई जा रही है कि सोमवार से उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। हालांकि यह नामांकन प्रक्रिया 4 फरवरी तक चलेगी। अधिकतर लोग नॉमिनेशन फॉर्म लेकर कोर्ट पहुंचते दिखे जहां वकीलों से सलाह लेकर फॉर्म भरते नजर आ रहे हैं। नाम निर्देशन के तीसरे दिन यानि शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए एक नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे गए। शनिवार को एकमात्र नॉमिनेशन फॉर्म खरीदने वाला बड़ी बाजार निवासी फैयाज खान अपने समर्थकों के साथ यहां सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने अपना नामांकन पत्र खरीदा। इस प्रकार अध्यक्ष पद के दिए अब तक 9 नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे गए हैं। जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 12 नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे गए। विभिन्न वार्डों में वार्ड पार्षद की दावेदारी करने के लिए 6 महिला समेत 12 लोगों ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे है। इस प्रकार तीन दिनों में 93 नॉमिनेशन फॉर्म खरीदे गए हैं। जिसमें महिला 44 और पुरुष 49 शामिल है। बता दें कि चाईबासा नगर निकाय के विभिन्न वार्डों में वार्ड पार्षद के पद पर रहे लगभग सभी पूर्व वार्ड पार्षद इस बार पुनः चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। लगभग सभी पूर्व वार्ड पार्षद संबंधित वार्ड के लिए अपना नामांकन पत्र खरीद रहे हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित अधिकतर वार्डों में महिलाएं अपनी दावेदारी ठोकने के लिए काफी रुचि ले रही है। नगर निकाय चुनाव के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी रूप से लागू हो गई है। आम नागरिकों को कहा गया कि चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन अथवा अन्य चुनावी अनियमितताओं की जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष को दी जा सकती है। चुनाव से जुड़ी शिकायतें या सूचनाएं हेल्पलाइन नंबर- 9835220231 पर दर्ज कराई जा सकती हैं। हेल्पलाइन नंबर 9835220231 पर करें चुनावी शिकायत


