भास्कर न्यूज| चाईबासा इस्टीम पब्लिक स्कूल द्वारा दो दिवसीय इंटर-हाउस खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार झा, विद्यालय के चेयरमैन रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में डॉ. झा ने कहा कि “खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी विकसित करते हैं। साथ ही विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को भी बढ़ावा देना है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य टी. कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शारीरिक विकास के बिना शिक्षा अधूरी है और खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अनिवार्य अंग है। उन्होंने बताया कि नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शरीर स्वस्थ रहती है, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। पहले दिन की आरंभ इंटर-हाउस फाइनल फुटबॉल मैच के साथ किया गया, जिसमें दामोदर और गंगा हाउस के बीच खेले गए मैच में गंगा हाउस ने 1-0 से फुटबॉल मैच को जीत लिया। वहीं दिन के दूसरे सत्र में इंटर-हाउस फाइनल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। दामोदर और यमुना हाउस के बीच खेले गए फाइनल क्रिकेट मैच में दामोदर हाउस ने 18 रनों से शानदार जीत हासिल किया। दो दिवसीय खेल के दूसरे दिन पहले सत्र में इंटर-हाउस फाइनल गर्ल्स बैडमिंटन मैच का आयोजन गंगा और यमुना हाउस के बीच किया गया। जिसमें यमुना हाउस 2-1 से जीत हासिल की। वहीं दूसरे सत्र में इंटर-हाउस फाइनल वॉलीबॉल मैच का आयोजन गंगा और स्वर्णरेखा हाउस के बीच हुआ, जिसमें स्वर्णरेखा हाउस 2-0 से जीता। फुटबॉल एवं क्रिकेट मुकाबलों में रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं बैडमिंटन और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों की फुर्ती और समन्वय ने दर्शकों का मन मोह लिया।


