छतरपुर में शनिवार को किसान कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में एक कृषक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय छतरपुर स्थित कलेक्टर परिसर से यह रैली प्रारंभ हुई। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कलेक्टर परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली छत्रसाल चौराहा, स्टेडियम, पुलिस लाइन, जेल रोड, संकट मोचन, किशोरी नदी बायपास, फुला देवी रोड, महोबा रोड, सेंट्रल स्कूल, आरटीओ कार्यालय और कृषि विभाग के सामने से गुजरी। इसके बाद बस स्टैंड, जवाहर रोड और आकाशवाणी चौराहा होते हुए यह पुनः कलेक्टर परिसर में समाप्त हुई। इस मोटरसाइकिल रैली में छतरपुर, नौगांव, राजनगर और बिजावर सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों के किसानों ने भाग लिया। इसमें लगभग 100 से 125 मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी देखी गई। रैली के दौरान किसानों ने अपनी मोटरसाइकिलों पर तख्तियां, झंडे और बैनर लगाए हुए थे। इन पर किसान कल्याण से संबंधित नारे लिखे थे, जिनका उद्देश्य किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना था। इस आयोजन को किसानों के सम्मान, सशक्तिकरण और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


