छतरपुर पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों की फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस दौरान डीआईजी, एसपी और एएसपी ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि खुद भी मैदान में उतरकर चौके-छक्के लगाए। इस आयोजन ने पुलिस लाइन में उत्साह और खेल भावना का माहौल पैदा किया। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में जिले की विभिन्न सब-डिवीजनों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। इन फ्रेंडली मैचों में डी.पी.ओ. कार्यालय के सदस्य भी शामिल थे। इन मुकाबलों का मुख्य उद्देश्य प्रतिस्पर्धा से अधिक आपसी भाईचारे, टीम भावना और तनावमुक्त वातावरण को बढ़ावा देना था। डीआईजी विजय खत्री, एसपी अगम जैन और एएसपी आदित्य पटले इस दौरान प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मैदान पर मौजूद एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि यह पहल पुलिसकर्मियों को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी में मानसिक दबाव और ड्यूटी का तनाव हमेशा बना रहता है। ऐसे में जब भी दो-तीन घंटे का समय मिलता है, तो क्रिकेट जैसे खेल न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि फिटनेस बनाए रखने में भी मदद करते हैं। एएसपी पटले ने आगे कहा कि स्वास्थ्य सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। फिट शरीर और स्वस्थ दिमाग के लिए खेल एक बेहतरीन माध्यम हैं। पुलिस की नौकरी में व्यक्तिगत समय कम मिलता है, लेकिन इसके बावजूद सभी पुलिसकर्मियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि वे अपने स्वास्थ्य के लिए थोड़ा समय अवश्य निकालें। खेलों से मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की सेहत बेहतर होती है, इसी सोच के साथ पुलिस लाइन में ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस लाइन में आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल फिटनेस का संदेश दे रहा है, बल्कि पुलिस बल के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आपसी तालमेल को भी मजबूत कर रहा है।


