आगामी संत रविदास जयंती के मद्देनजर छतरपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। जयंती के अवसर पर जिलेभर में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा जनसंवाद अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर कार्यक्रम स्थलों, समय और जुलूस मार्गों की जानकारी एकत्र की जा रही है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित विवाद से बचते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। मूर्ति स्थापना स्थलों का निरीक्षण
सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा मूर्ति स्थापना स्थलों और आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया। यहां सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। छतरपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जयंती के दौरान शांति, सौहार्द और यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से बचें। किसी भी संदेह, विवाद या शिकायत की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049101021 जारी किया गया है। 1 फरवरी तक जारी रहेगा जनसंवाद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार, 1 फरवरी को होने वाली संत रविदास जयंती को लेकर जिले के चौकी, थाना और अनुभाग स्तर पर लगातार जनसंवाद और समझाइश का कार्य किया जा रहा है, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) छतरपुर आईपीएस आदित्य पटले ने बताया कि रविदास जयंती को लेकर डिवीजन स्तर पर सभी कार्यक्रमों की जानकारी एकत्र की गई है। जहां अधिक संख्या में लोगों के एकत्र होने की संभावना है, वहां एसडीओपी और थाना स्तर पर जनसंवाद कर लोगों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। उद्देश्य यही है कि जयंती हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाई जाए और किसी भी प्रकार का विवाद न हो। किसी भी शिकायत या शंका की स्थिति में लोग दिए गए नंबरों पर तुरंत संपर्क करें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाएगी।


