पश्चिमी सिंहभूम में युवक की पत्थर से वारकर हत्या:आरोपी गिरफ्तार, घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक चाकू बरामद

पश्चिमी सिंहभूम में युवक की पत्थर से वारकर हत्या:आरोपी गिरफ्तार, घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक चाकू बरामद

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र में एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। यह घटना गुरुवार रात बाई साई बस्ती में हुई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रवि सांडिल उर्फ चंडी के रूप में हुई है, जो एक अधूरे मकान की छत पर सो रहा था। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार देर शाम बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक चाकू बरामद किया गया। मृतक के पिता दुला सांडिल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी बिंदु जोजो सामंत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया गया है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था मृतक के पिता दुला सांडिल ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को उनके बेटे रवि और उसके दोस्त बिंदु जोजो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद मारपीट तक पहुंच गया था और आरोपी ने रवि को पत्थर से मारकर जान लेने की धमकी भी दी थी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया था। पुलिस को संदेह है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते रात में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *