हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने शुक्रवार शाम को अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो आरोपियों से मादक पदार्थ बरामद किए, जबकि एक व्यक्ति को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। संगरिया पुलिस ने फतेहपुर रोही में भारतमाला पुलिया के नीचे से बलविंदर सिंह उर्फ बिंदु (36) निवासी फतेहपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसआई राजेंद्र के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी, तभी आरोपी को पकड़ा गया। बलविंदर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच टिब्बी थानाधिकारी हंसराज लूणा को सौंपी गई है। इसी तरह, रावतसर पुलिस ने ईदगाह के पास से अनिल कुमार झींझा (54) निवासी रावतसर को पकड़ा। उसके कब्जे से 49.90 ग्राम अफीम और 2.33 ग्राम हेरोइन मिली। एसआई मुकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसकी जांच पीलीबंगा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कर रहे हैं। एक अन्य कार्रवाई में, टिब्बी पुलिस ने चक 4 केएसपी निवासी स्वराज सिंह (48) को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। उसे केएसपी नहर पुल के पास आम सड़क पर धारदार तलवार के साथ पकड़ा गया। एएसआई सांवरमल ने यह गिरफ्तारी की। मामले की जांच एएसआई हरिसिंह को सौंपी गई है।


