सीतापुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर देर रात एक सड़क हादसा हुआ। लखनऊ से शाहजहांपुर जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार पर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार सात लोग बाल-बाल बच गए। यह घटना बहुगुणा अंडरपास के समीप हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डीसीएम (संख्या यूपी 75 एटी 6102) का चालक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित डीसीएम शाहजहांपुर से लखनऊ की ओर जा रही अर्टिगा कार (संख्या यूपी 34 सीए 0578) के बोनट पर पलट गई। अर्टिगा में कुल सात लोग सवार थे। डीसीएम के बोनट पर पलटने के कारण किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पहले हादसे के बाद की 3 तस्वीरें देखिए… हादसे के बाद डीसीएम और अर्टिगा आपस में फंस गए, जिससे शाहजहांपुर से लखनऊ जाने वाला लेन पूरी तरह बाधित हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कनवाखेड़ा बाईपास पुल से यातायात का डायवर्जन किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर सड़क को साफ कराया गया। पुलिस ने डीसीएम और अर्टिगा दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में डीसीएम चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने और लापरवाही से जान जोखिम में डालने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक स्वाति चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


